Monday, October 29, 2012

श्री प्राणेश नागरी की कवितायें - १

श्री प्राणेश नागरी की कविताओं को पढ़ना, फ्लैश-बैक में चलचित्र देखना है, जो दिखातीं हैं, हर वो खबर, जब किसी इन्सान को अपनी ज़मीन से ज़बरदस्ती जुदा किया गया हो . दिलासा देती हैं - कंधे पर हाथ रख - जगाती हैं कंधा हिला कर और मजबूर करती हैं ये कहने को "मैं कविता नहीं हूँ - आकृति भले ही काव्य की है - रूप गद्य का - लेकिन मैं भी तुम्हारी ही ब्रह्म का अंश हूँ ... घन्यवाद आपको आदरणीय नागरी जी कि आपने ब्रम्ह-कवितायें रची - सादर नमन आपको "ब्रम्ह कवि प्राणेश
     प्राणेश जी ने अपने कविता संग्रह "काशी-चिंतन और चुड़ैल" की शुरआत में लिखा है "मेरी जन्मभूमि जहाँ मैने जन्म लिया अपने पुत्र, पुत्रियों के रक्त से सींची गयी है . पाँच लाख से लेकर छः लाख तक कश्मीरी पंडित अपनी जन्मभूमि से निष्कासित पूरे भारतवर्ष में शरणार्थीयों का जीवन जी रहे हैं . मेरा यह कविता संग्रह इन सभी को समर्पित है . हाँ, किसी दिन हम अपनी धरती, अपने कश्मीर (होमलैंड) जरुर लौट आयेंगे .


     श्रीनगर कश्मीर में 1954 जन्मे नागरी जी की बुनियादी शिक्षा उनके जन्मस्थान पर ही हुई है . विस्थापन के बाद कानपुर, लखनऊ और काशी में करीब 20 वर्ष गुज़ारे तथा पंजाब नेशनल बैंक से चीफ मनेजर के पद से स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति के बाद वर्तमान में बंगलौर में ही समाज सेवी संस्था Enable India में सम्माननीय निदेशक हैं . उनका कहना है "मैंने बहुत पहले कहीं पढ़ा था कि कविता लिखी नहीं जाती , बस , हो जाती है .मेरी कविता हो जाने के लिए विस्थापन शायद बहुत ज़रूरी था इसलिए मुझे इस दौर से गुज़ारना पढ़ा . यह कवितायें मेरा सब कुछ खो जाने के बाद 'हो गई' हैं .मैं नहीं कहता कि यह साहित्य जगत कि बहुत बड़ी घटना है कि मैंने कविता लिखी .पर हाँ,यह एक सीधे-सादे मन की सबसे बड़ी घटना है ,मैंने धरती के सुन्दरतम कोने कश्मीर में जन्म लिया इस नाते मेरी कविता में मुस्कान होनी चाहिए थी,फूल खिलने चाहिए थे ,झरनों का संगीत बोलना चाहिए था ,पर ऐसा कुछ नहीं हुआ." ....

आइये पढ़ें उनके कविता संग्रह "काशी-चिंतन और चुड़ैल" की कुछ कवितायेँ...


१.कुछ ज़ेन कवितायें                                          

अब थक गया हूँ बहुत
अब घर जाना चाहता हूँ
कोई मेरा पता बता दे मुझे !
परत दर परत बादल हट गए
हम चमकते चाँद को
चमचमाती रोटी समझे!
किसी की सांसें छू गयी
मैं इंसान से
फ़रिश्ता हो गया !
आवाजों का जंगल
क्या किया यह तुम ने
मीलों पड़ी खामोशी !
जी लूँगा हर इक मौसम
ओढ़ लूँगा हर सावन
तुम मत बदलना कभी !


२. चुड़ैल                                                           


मीठी थी बहुत
बात करती थी तो
शहद सा घोल देती थी ,
सरल भी थी
शब्दों में घुल मिल जाती थी
कविता सी थी ,
जहां तहां घूमती थी
यादों में सपना बन
आती थी,
आडम्बर सम्हालती थी
सब सह लेती थी
माँ जैसी लगती थी!
दूर सदूर देखती थी
सूर्य से संवाद
कर रही हो जैसे !
मैंने पूछा कौन हो तुम
चुड़ैल नाम है मेरा
पैदा होते ही
इसी नाम से
बुलाया था सब ने
वैसे कागज़ों में सुना है
इस घर की बेटी हूँ!


३.उद्घोष                                                         


देखो दीवार मैं चुन देना मुझे
किसी कब्र मैं जिंदा गाढ्ना
एक बार फिर सत्य कहा है मैंने
मेरी ज़ात समझौते नहीं कर सकती!
मैं मजहबों का गुलाम नहीं
सदियूं से इस गुफा मैं रहता हूँ
युग बदलते हैं मेरी भूख नहीं बदलती
ना बदलती हैं मेरी आशाएं!
और यह भूख , यह आशाएं
मुझे गुटने टेकने पर और
टिकवाने पर मजबूर करती है!
सदियूं से मैं सूर्य से संवाद कर रहा हूँ
मेरे शरीर का रेशा रेशा जल चुका है
मेरे आसपास एक दहकता शमशान
रुदन के सुर को सादने मैं व्यस्त है
और महाकाल का मौन उपवास
ह़र चीख का गला गौंट रहा है!
पाप और पुण्य मात्र एक शूल है
जो जागरूक अस्तित्व को भेदता है
भीख मैं मिली शांति से अच्छा है
रक्त रंजित हो युद्ध का उद्घोष करें
इस से पहले कि नैतिकता
कायरता बन उपहास करे
आओ उठें और पाशान काल मैं वास करें
जो मुंह का कौर छीनने को आगे बड़े
उस की लीला का अंत करें सर्वनाश करें!


४. बस इश्क रहा                                                


हद और अनहद की सरहद पर                                                        
मज़हब का पहरा है ही नहीं
काया की करवट बेमानी
लेना देना कुछ है ही नहीं!
यह इश्क का दरिया है गहरा
नासमज न तू पतवार पकड़
गर डूब गया तो डूबा रह
उस पार किनारा है ही नहीं!
जितना खोया उतना पाया
सब हारा तो मन जीत लिया
रंग साजन का ओढा तन पर
रंगने को अब कुछ है ही नहीं!
इक बार मुझे बस पार लगा
इस पार के बंदन सब झूठे
उस पार मेरा घर है मालिक
इस पार मेरा कुछ है ही नहीं!
मेरी ज़ात गयी मेरा नाम गया
बस इश्क रहा और कुछ ना रहा
तेरा नाम बसा है साँसों मैं
और इस के सिवा कुछ है ही नहीं!


५.कविता में तुम्हे जन्म देता हूँ                             


एक सांस की दूरी पर रहती हो तुम
और वह पल
जब मेरे हाथ छूना चाहते हैं
अनुभव करना चाहते हैं
तो समय कहता है
उद्भव के प्रगमन मैं
हाथ कहाँ बांस ले चला था तू
सुर की आरोही ले ले
गंध का आलाप छेड़
स्पर्श की सीमायें होती हैं
राग रस की कोई नहीं!
मैं यहीं कहीं होता हूँ
जैसे वायु से लिपटा मंत्र
जैसे हवन कुण्ड मैं लिपटी
अग्नि से समिधा की गंध
जैसे फूलों से लिपटा
रंग का आभास!
मैं तुम्हारे तन को ओढ़ता हूँ
सांसूं की घर्मी और ठिठुरन के
बीच के पल को समर्पित
अपनी कोख की गर्मी में
शब्द बीज का समावेश करता हूँ
प्रसव की पीड़ा भोगता हूँ
और हर्षित हो
कविता में तुम्हे जन्म देता हूँ!

(ऊपर चित्र साभार गूगल से लिये गये हैं यदि कोई चित्र, कलाचित्र इत्यादि किसी सर्वाधिकार का उलंघन हो तो कृपया सूचित करें उसे हटा दिया जायेगा )

Tuesday, October 23, 2012

गार्गी मिश्र : दास्तान-ए-सिलसिला

काशी की गार्गी मिश्र युवा कवियत्री हैं. बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद गार्गी ने "प्रिंट जर्नलिज्म" में डिप्लोमा किया, अब पत्रकार हैं विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में इनके लेख छपते रहते हैं .
      मासूम लेखनी से लिखने वाली गार्गी की कविताएँ, नज्में हमारी-आपकी भाषा में बात करती हैं. अपने बारे में पूछने पर कहतीं हैं "
 "हवाओं पर ओस के मोती संजोना चाहती है रूह
चाँद से गोल चवन्नी मांग कर कुछ सपने खरीदना चाहती है "

 दास्तान-ए-सिलसिला                                                                                       

हमारी मंजिलों का 
एक हो जाना
ये तय नहीं कर पाता
की हमें इश्क है ...

हाथ थामें साथ चलना

और 
किसी मोड़ पर 
हाथों के छूट जाने से
सहम जाना , 
इस बात का सुबूत 
नहीं बन जाता , 
कि हम 
साथी हैं ...

भाप के बनने 

और बरसने का क्या सबूत है ??
क्या रोक पाती है 
कोई दुआ या व्रत 
खून को जमने से ?
कौन सी रस्में हैं 
जो 
कैद कर लेती हैं 
वो धुआं
जो उठता है , 
एक रूह के मिट्टी होने पर
कौन बाँध कर रखता है 
जिस्मानी रिश्तों की राख़ 
ताबीज़ में 
और लगाये रखता है
उसे 
अपने गले से ?
कौन है 
इतना बेफिक्र फ़िक्रमंदों के शहर में
इन सवालों का जवाब 
अगर 
नहीं है  
तो 
फिर 
क्यूँ है इतना शोर 
इतना अधिकारों की कुर्सी का झगड़ा 
झूठे सच्चे , 
धर्म अधर्म , 
इश्क और रश्क पर इतना हंगामा क्यूँ 
घर के एक ताले की दो चाभियाँ रखीं जातीं है..
एक रूह के दो ताले क्यूँ नहीं हो सकते साहब 

तजुर्बे - 

कम ज्यादा हो सकते हैं
पर 
आँसू और हँसी 
इसकी नाप तोल 
नहीं हो सकती ..
हो सकती है क्या
काश 
हो पाती ...
और मैं बता पाती 
अँजुरी भर गई थी 
आंसुओं से 
जब 
तुमसे विदा कहा था ..
और 
दोनों हंथेलियों में 
महक रही थी 
मेरी मुस्कुराहटों की नमी 
जब 
तुमसे मिली थी ...

तुमसे मिलने के पहले 

ना सोचा था ..
कि तुमसे मिलूंगी ...
तुमसे मिल कर भी 
नहीं सोचती 
तुमसे बिछड़ जाउंगी ..
मिलने के बाद बिछड़ना कहाँ होता है 
पानी में शक्कर घुलने के बाद , 
पानी से अलग हो पाती है क्या 
हम तो "अब" मिल चुके हैं ...
मोड़ से "कई बार" 
तुम्हारे हमारे रास्ते 
अलग हो जाते हैं ..
मुड़ कर देखते नहीं 
ना तुम 
ना मैं ...
आदत है इक 
कि -
मोड़ पर जब 
रास्ते अलग हो जायेंगे  
तब 
संभल कर चलना है ...
ताकि जिंदा रहे "इक दूसरे" के लिए ..
एक 
पागल के लिए
एक
पगलिया के लिए ..
जहाँ भी रहे ..
हिचकियाँ लेते रहे ...
यूँ 
इक दूसरे के लिए, मरने के लिए 
इतने बेफिक्र 
कहाँ हो पाते हैं हम ...
फकीरी की तालीम 
वो नहीं मिलती है स्कूलों में ..
वहां सिर्फ 
मौलवी और पंडित तैयार किये जाते हैं ...

सुनो

ये ख्वाहिश रखना
कि हम-तुम साथ चलेंगे
और 
दुनिया अपनाएगी .
इस साथ को...
ये सपना देखना  
बिल्कुल वैसा है ...
जैसे देखा हो इक सपना 
किसी निर्देशक ने 
कि मिल जाए बेस्ट फिल्म का अवार्ड 
उसकी मेहनत को , 
उसकी फिल्म को ...
सुनो
गौर से देखो  
जो फिल्म मैंने और तुमने
और 
हमारे जैसे और पागलों ने 
सैकड़ों दफ़ा देखी है ..
जिसके संवाद 
रट गए हैं ... 
धुनें 
याद हो गई हैं ...
वो फिल्म 
रिलीज़ के वक़्त ही फ्लाप हो गई थी ...

ये कहाँ आ गाए हम ... 

यूँ ही साथ चलते चलते ...
"सिलसिला"
अमिताभ और रेखा वाली ..
मैंने आज शाम फिर एक बार देखी  ..
सैकड़ा पार हो गया है ...

सुनो

हमारा और तुम्हारा
तुम
मैं 
हमारा साथ !
"ये" सिलसिला -
ना ख्त्म हुआ  
ना कभी होगा ....

                                                                                                                   

(ऊपर चित्र साभार गूगल से लिये गये हैं यदि कोई चित्र, कलाचित्र इत्यादि किसी सर्वाधिकार का उलंघन हो तो कृपया सूचित करें उसे हटा दिया जायेगा )

Sunday, October 21, 2012

प्रियंका राठौर - दो कवितायेँ


प्रियंका आज कल अपने एक काव्य संग्रह और कहानी संग्रह पर काम कर रही हैं , युवा कवियत्री कहती हैं "समय काव्य संग्रह और एक कहानी संग्रह चलायेमान है. जिसके साथ मै भी बढ़ रही हूँ. चाहती हूँ भविष्य के गर्भ में छिपे अनंत तक पहुचने के लिए मेरे भी पद छाप धरा पर अंकित हो जाएँ. उसके लिए प्रयासरत हूँ; कोशिश है नारी मन के अथाह सागर को दुनिया के सामने दिखा सकूँ. ऐसी नारी जो समाज में गलत के खिलाफ सर उठा कर खड़ी है लेकिन आदर्शों और परम्पराओं के हथियारों को थामें संघर्ष का नर्तन कर रही है. जिसे धर्म युद्ध कहा जाये तो अतिशयोक्ति ना होगा.

 | शब्द                                       

बदला जीवन
बदला दर्शन
पर नहीं बदला
खेल शब्दों का -


खुद में उलझते
खुद ही सुलझते
बन जाते
अभिव्यक्ति - शब्द .
कभी यूहीं
भावों के भवंर में
बन जाते
मौन की वाणी - शब्द .
नश्वर जीवन
क्षणभंगुर जीवन
पर कालजयी
बना जाते - शब्द .
माया हैं - पर हैं
अनमोल मोती - शब्द .
बदला जीवन
बदला दर्शन
पर नहीं बदला
खेल शब्दों का.........

 | तुम                                         


हरी दूब के

अंतिम छोर पर
एक छोटी सी
ओस की बूँद ....
या फिर कहूँ ,


बहते जल में

अचानक ही
पानी का बुलबुला
बन जाना ....
या फिर
स्म्रतियों के भंवर में
किसी मीठे पल की
झ ल क से
होठों पर मुस्कान
तैर जाना ....
या फिर कहूँ ,
म्रत्यु के द्वार से
यमराज का बापस
लौट जाना ....
या फिर
अनकहे अनसुने
या जान कर भी
ना जान पाए ,
क्षणों में लिपटे ...
शब्दहीन शब्द जैसे
अर्थहीन अर्थ जैसे
खोजहीन खोज जैसे
धरा के विपरीत
बहाव से 'तुम'
सब अप्रत्याक्षित
ही तो है ....
क्या कहूँ तुम्हे ,
क्षणिक अहसास
या
क्षणिक जीवन आधार 


(ऊपर चित्र साभार गूगल से लिये गये हैं यदि कोई चित्र, कलाचित्र इत्यादि किसी सर्वाधिकार का उलंघन हो तो कृपया सूचित करें उसे हटा दिया जायेगा )

Thursday, October 18, 2012

अनीता मौर्या की कवितायें

गृहिणी होने के साथ-साथ
अपना इंटरनेट कैफे चलाती हैंपिछड़ी/मलीन बस्तियों के बच्चों की शिक्षा तथा
महिला सशाक्तिकरण हेतु कार्यरत संस्था की सदस्य भी हैं
कविता लेखन- आत्मसंतुष्टि
जन्म- फ़ैजाबाद( उत्तर प्रदेश)
शिक्षा -स्नातक, पूर्वांचल यूनिवर्सिटी, विषय- दर्शनशास्त्र
वर्तमान में निवास - कानपुर
विभिन्न ई- पत्रिकाओं और समाचार पत्रों में कविताएँ प्रकाशित
(स्त्री मन की व्यथा, हालात से समझौत करती स्त्री की पीड़ा, स्त्री पक्ष से समाज से प्रश्न करती बेहद संवेदनशील अभिव्यक्ति है अनीता मौर्या की कविताएँ )

हिरोइन 

हिरोइन नहीं थी वो,
और न ही किसी मॉडल एजेंसी की मॉडल
फिर भी,
जाने कैसा आकर्षण था उसमे
जो भी देखता, बस, देखता रह जाता,
उसका सांवला सा चेहरा,
मनमोहक मुस्कान,
और आँखें..?
आँखें तो जैसे के बस,
अभी बोल पड़ेंगी,
उम्र 17 साल
गंभीरता का आवरण ओढ़े,
जिए जा रही थी...
इक अजीब सा दर्द झलकता था,
उसकी आँखों से,
खामोश रहती थी वो,
किसी को अपना राजदार
जो नहीं बनाया था उसने,
फिर मैं मिली उससे,
उसकी राजदार,
उसकी सहेली बनकर,
'उसकी कहानी '
जैसे,
जिंदगी को कफ़न पहना दिया गया हो,
अपने रिश्तेदार की शोषण की शिकार वो,
जिन्दा लोगों में उसकी गिनती ही कहाँ होती थी,
वो निर्बाध बोलती रही,
और मेरी आँखे निर्बाध बरसती...
'एक दिन'
लापता हो गयी वो,
कोई कहता, 'भाग गयी होगी',
कोई कहता, ' उठा ले गयी होगी ,
जितने मुंह , उतनी बातें,
आज अचानक उसे रैम्प पर चलता देख,
हतप्रभ रह गयी मैं,
जिंदगी ने कहाँ से कहाँ पंहुचा दिया उसे,
मैं फिर चल पड़ी,
बनने उसकी राजदार,
इतनी यंत्रणा, इतनी पीड़ा,
कैसे मुस्कुराती है वो,
सब मन में समेट कर,
उसके फैक्ट्री के मालिक ने,
दुराचार किया था उसके साथ,
विरोध करने पर चोरी का इलज़ाम लगा,
जेल भेज दिया,
पर रक्षक के भेष में छुपे,
वो भेड़िये भी टूट पड़े उस पर,
उसका रोना, गिडगिडाना ,
सब ठहाकों की शोर में दब कर रह गया,
तब ठान लिया उसने,
अब नहीं रोएगी वो,
अपनी रोंदी हुई मुस्कान,
मसला हुआ जिस्म लेकर,
यहीं इसी दुनिया में रहेगी वो,
जियेगी, भरपूर जियेगी,
और आज
वो सचमुच की हिरोइन है।



कोलाहाल'

कभी कभी 'मन'
बड़ा व्याकुल हो जाता है,
संशय के बादल, घने
और घने हो जाते हैं,
समझ में नहीं आता,
स्त्री होने का दंभ भरूँ,
'या' अफ़सोस करूँ...
कितना अच्छा हो,
अपने सारे एहसास,
अपने अंतस में समेट लूँ,
अनीता मौर्या गृहिणी होने के साथ साथ अपना इंटरनेट कैफे चलाती हैं, और पलकों की कोरों से,
एक आँसूं भी न बहने पाए....
यही तो है,'एक'
स्त्री की गरिमा,
'या शायद'
उसके, महान होने का
खामियाजा भी...
क्यूँ एक पुरुष में
स्त्रियोचित गुण आ जाये,
तो वो ऋषितुल्य हो जाता है,
'वहीँ'
एक स्त्री में पुरुषोचित
गुण आ जाये तो 'वो'
'कुलटा'
विचारों की तीव्रता से,
मस्तिस्क झनझना उठता है,
दिल बैठने लगता है,
डर लगता है
ये भीतर का 'कोलाहाल'
कहीं बाहर न आ जाये,
और मैं भी न कहलाऊं
'कुलटा'

तितली

इक चंचल नदी थी ,.
'सुन्दर' जैसे 'परी' थी,
खिलती हुई कली थी,
सुन्दरता की छवि थी वो...
फिर एक दिन, कुछ ऐसा हुआ,
कैसे बताउँ, कैसा हुआ..
इक शिकारी दूर से आया,
उस गुडिया पर.. नज़र गड़ाया
उडती थी जो बागों में जा कर,
वो तितली अब गुमसुम पड़ी थी,
किस से कहती, दुख वो अपने,
हिन्दी कवितासर पे मुसीबत भारी पड़ी थी,
ऐसे में एक राजा आया,
उस तितली से ब्याह रचाया,
बोला 'मैं सब सच जानता हूँ'
फिर भी तुम्हे स्वीकार करता हूँ..
जब थोडा वक़्त बीत गया तब,
राजा ने अपना रंग दिखाया,
मसला हुआ इक फूल हो तुम,
इन चरणों की धुल हो तुम..
जीती है घुट घुट कर 'तितली',
पीती है रोज़ जहर वो 'तितली'
'भगवन', के चरणों में 'ऐ दुनिया,
मसला हुआ क्यूँ फूल चढ़ाया...
कहना बहुत सरल है 'लेकिन'
'अच्छा' बनना बहुत कठिन है,
'महान' बनना, बहुत आसान है'
मुश्किल है उसको, कायम रखना...
याद रखना, इक बात हमेशा,
सूखे और मसले, फूलों को,
देव के चरणों से दूर ही रखना,
फिर न बने एक और 'तितली'
फिर न बने इक और कहानी..

लडकियां

'लडकियां'
जिनका एक माजी होता है ,
स्याह अतीत होता है,
जब बैठती हैं, 'ब्याह' की वेदी पर,
झोंक देना चाहती हैं,
अपने अतीत की सारी कालिख,
उस ब्याह की अग्नि में,
'पर'
कहाँ हो पाता है ऐसा,
वक़्त मन के घाव तो भर सकता है,
पर नासूर नहीं, वो तो रिसते रहते हैं,
'हमेशा'
"जैसे रेंगते रहते हों,
असंख्य कीड़े,
देह पर,

आत्मा की गन्दगी,
नहीं छूटती,
सैकड़ों बार नहा कर भी"
पीड़ा का अथाह सागर समेटे,
बन जाती हैं दुल्हन,
समाज की खातिर,
परिवार की खातिर,
कोई नहीं देखता,
उसकी लहुलुहान आत्मा,
जब भी अतीत भूलकर,
वर्तमान में जीने लगती है,
हंसती है, खिलखिलाती है,
वक़्त मारता है,
एक जोर का चांटा,
उसके मुंह पर,
"बेशरम कहीं की"
ऐसे हादसों के बाद भी,
कोई खुलकर हँसता है भला,
कोई याद दिलाता है अक्सर,
यूँ प्यार जताना,
शिकवे-शिकायत करना,
अपने मन के भाव जताना,
'तुम्हे' शोभा नहीं देता,
एहसान मानो मेरा,
स्वीकार किया है तुम्हे,
तुम्हारी आत्मा के हर घाव के साथ,
'वो'
समेट लेती है, मन के घाव मन में,
जीती है जिंदगी, घुट -घुट कर,
क्या सच में नहीं होता,
यूँ घुट - घुट कर ताउम्र जीने से अच्छा,
एक बार का मर जाना..

(ऊपर चित्र साभार गूगल से लिये गये हैं यदि कोई चित्र, कलाचित्र इत्यादि किसी सर्वाधिकार का उलंघन हो तो कृपया सूचित करें उसे हटा दिया जायेगा )


Sunday, October 14, 2012

विवेक मिश्र की कहानी 'दोपहर'

हाल ही में 'हंस' में प्रकाशित विवेक मिश्र की कहानी 'दोपहर' (हंस- अक्टूबर २०१२ से साभार यहाँ प्रस्तुत है)  विवेक मिश्र का कहना है कि ये कहानी बचपन में जो वक्त गर्मियों की छुट्टी में नाना-नानी के गाँव में बिताया वहाँ की यादों को घोल कर तैयार हुई है 
किस्सागोई की सही मिसाल पेश की है विवेक ने और खूब खुमाया हमें भी हमारे बचपन में और आज के जो कथाकार हैं उनके बीच विवेक ने एक के बाद के उम्दा कहानीयों  घड़ा, अब तक हानियां, दिया, बदबू, गुब्बारा, ऐ गंगा तू बहती है आदि से अपनी खास जगह बना ली है. 
"दोपहर" में विवेक मिश्र ने  गाँव की जीवन- शैली का बहुत ही मासूमियत से सजीव चित्रण किया है
  ...  मानवीय संवेदनाओं का अहसास कराती हृदयस्पर्शी कहानी |
bharat tiwari vivek mishra hindi kahani भरत तिवारी विवेक मिश्र मिश्रा हिन्दी कहानी
15 अगस्त 1970 में उत्तर प्रदेश के झांसी शहर में जन्म। विज्ञान में स्नातक, दन्त स्वास्थ विज्ञान में विशेष शिक्षा, पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नात्कोत्तर। एक कहानी संग्रह-‘हनियाँ तथा अन्य कहानियाँ’ प्रकाशित। 'हनियां', 'तितली', 'घड़ा', 'ऐ गंगा तुम बहती हो क्यूँ?' तथा 'गुब्बारा' आदि चर्चित कहानियाँ। लगभग सभी प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में कविताएं व कहानियाँ प्रकाशित। साठ से अधिक वृत्तचित्रों की संकल्पना एवं पटकथा लेखन। 'light though a labrynth' शीर्षक से कविताओं का अंग्रेजी अनुवाद राईटर्स वर्कशाप, कलकत्ता से तथा कहानिओं का बंगला अनुवाद डाना पब्लिकेशन, कलकत्ता से प्रकाशित।

दोपहर

    गर्मी की दोपहर का सन्नाटा गली में साँय-साँय करता। अपनी ननिहाल में छुट्टियाँ बिताने आए हम तीनों भाई-बहिनों को मामा के पाँच बच्चों के साथ दिन के ग्यारह बजते-बजते खिला-पिलाकर दुमंजिला मकान की बैठक कहे जाने वाले नीचे के कमरे में लिटा दिया जाता। यह घर का सबसे बड़ा और ठंडा कमरा होता। बैठक के बगल वाले कमरे में, जिसे बुंदेलखंडी में पौर कहा जाता, अपनी भारी-भरकम काया को, खरारी खाट पर, किसी तरह अटाने की कोशिश करते हुए, नाना लेटे रहते। गर्मी के दिनों में उनकी भेष-भूषा विचित्र ही होती। वह इस मौसम में अपने शरीर पर एक पट्टेदार, नड़ियल, किसी ढीले झोले के जैसे अंडरवीयर के अलावा कोई और कपड़ा सहन नहीं कर पाते। बाहर से आने वालों को यह अजीब लगता रहा होगा, पर हमें उनको इस रूप में देखने की आदत पड़ चुकी थी। घर की औरतें जिसमें नानी, छोटी मौसी और इन दिनों में हमारी माँ और बड़ी मौसी भी शामिल होतीं, बखरी(आंगन) के पीछे, घर के आखिर में बने कमरे में आराम करतीं, जिसे वहाँ मड़हा कहा जाता। मड़हे में हमेशा फर्श पर लिपे गोबर और मिट्टी की डहरों में भरे गेहूँ की गँध आती रहती। मड़हे में धीरे-धीरे होती बातें किसी तरह भी बखरी पार करके बैठक या पौर तक नहीं पहुँचतीं। 

bharat tiwari vivek mishra hindi kahani भरत तिवारी विवेक मिश्र मिश्रा हिन्दी कहानी        बैठक के फर्श पर लेटे बच्चों के लिए बैठक की छत किसी सिनेमा हाल के पर्दे की तरह होती। बैठक के दरवाज़े की बारीक संधों से हल्की-हल्की रोशनी छत की शहतीरों पर पड़ती। जब भी कोई गली से गुजरता दरवाज़े से भीतर आने वाले प्रकाश स्तंभ धीरे-धीरे हिलने लगते और बैठक की छत पर विचित्र-सी आकृतियाँ बनने-बिगड़ने लगतीं, जिन्हें देखकर बच्चे अक्सर ही कानाफूसी करने लगते। एक कहता 'बताओं गली में कौन जा रहा है।' दूसरा बनती बिगड़ती छाया को देखकर अंदाज़ा लगाता, '…कोई औरत है।' तब तक पहला फिर से बोल पड़ता, 'औरत नहीं कोई बुड्ढ़ा कमर झुका कर लाठी टेकता हुआ निकला है।' तभी एक धीरे से उठकर अपनी एक आँख मीचता और दूसरी दरवाज़े की सन्ध में लगा देता, पर बाहर आँखें चुँधियाती तेज़ धूप में कुछ भी दिखाई नहीं देता। गली के पत्थर जिन्हें वहाँ सब रिपटा कहते, भट्टी के कोयलों की तरह तप रहे होते। वह चुपचाप आकर फिर अपनी जगह फिट हो जाता। पौर में लेटे नाना बैठक से आती बच्चों की खुसुरफुसुर सुन कर वहीं से, सभी को एक साथ ही गरियाने लगते थे। बच्चे भी उनकी डाँट सुनकर साँस साध लेते और उनके खर्राटों के शुरू होने का इन्तज़ार करते, जैसे ही उनके खर्राटे सुनाई देते बच्चे फिर शुरु हो जाते। कोई एक दबे पाँव उठता और धीरे से बैठक का दरवाज़ा खोलकर गली में झाँकता और फिर झट से दरवाज़ा बंदकर अपनी हँसी गले में दबाए, दाँत भींचे अपनी जगह आ लेटता। पहला फिर पूछता, ‘कौन निकला था दरवाज़े के सामने से।’ उठकर झाँकनेवाला कहता, ‘न आदमी, न औरत, न लाठी टेककर चलने वाला कोई बूढ़ा।’ दूसरा पूछता, ‘तब फिर कौन?’ झाँकने वाला बहुत इतराते हुए धीरे से दूसरे के कान में कहता, ‘कोई नहीं था, दद्दू की मर्खनी गाय थी।’’ इस तरह की बेमतलब बातें लगभग रोज़ ही होतीं और सबके सब ऐसी ही किसी बेमतलब बात पर खीं खीं करके हँस पड़ते। नाना फिर झुंझलाकर एक भद्दी सी गाली देते। सब चुप हो जाते।

      दोपहर का सन्नाटा धीरे-धीरे और बढ़ जाता। गली में आवाजाही पूरी तरह बंद हो जाती। दरवाज़े की सन्धों में से भीतर आती रोशनी की लकीरें भी हिलना-डुलना बंद कर देतीं। बच्चे धीरे-धीरे नींद के हिड़ोले में झूलने लगते। पौर में नाना जी के खर्राटे निरन्तर गूँजते रहते। नाना जी के इन खर्राटों की लय टूटती, दोपहर बीतने से ज़रा-सी देर पहले गली के छोर से आती एक बड़ी ही विचित्र, कर्कश और दर्दभरी आवाज़ से। यह आवाज़ गली के उस सिरे से आती, जो सिरा गाँव के बाज़ार वाले चौड़े रास्ते पर खुलता। इस आवाज़ से अलसाया हुआ बाज़ार भी धीरे-धीरे अंगड़ाईयाँ लेता हुआ शाम की दुकानदारी के लिए तैयार होने लगता। उस आवाज़ में कुछ ऐसी बात थी जिससे वह सुनने वाले की स्मृति में सदा के लिए  घर कर लेती। वह आवाज़ इतने दिनों बाद भी मेरी स्मृति में बसी हुई है। मैं आज भी उसे सुन सकता हूँ। वह मन में दया, करुणा और विरक्ति के भाव पैदा करती। उसे सुनकर कुछ लोग मुँह फेर लेते और कुछ आपस में उसके पीछे छुपी दर्द भरी कहानी के समय के साथ पुराने पड़ते जाते रेशों के बिलगाने लगते।

bharat tiwari vivek mishra hindi kahani भरत तिवारी विवेक मिश्र मिश्रा हिन्दी कहानी   उस आवाज़ को सुनकर बैठक में सोए बच्चे आँखें मलते हुए एक-एक करके पौर में आ जाते। नाना भी अपने जनेऊ से पीठ खुजलाते हुए उठ बैठते। भीतर आंगन पार करके मड़हा में सोती औरतें अब ज़ोर-ज़ोर से बतियाने लगतीं। बखरी के कोने में बने चौके से पीतल की टंकी वाले स्टोव में हवा भरे जाने की आवाज़ आने लगती। शाम की चाय हमेशा स्टोव पर बनती, पर खाना चूल्हे पर बनता। स्टोव पर सिकी रोटी में नाना को मिट्टी के तेल की गन्ध आती। इसलिए स्टोव केवल चाय के किए ही प्रयोग होता। चाय बनकर बैठक में आते-आते गली में धूप थोड़ी धीमी होकर दीवारों से ऊपर खिसकने लगती, लेकिन लू की झार आँखों में लगनी बंद नहीं होती। बच्चे भीतर बखरी में बनी हौदी से पानी लाकर बाहर चबूतरे पर छिड़कने लगते। तपती ज़मीन पर पानी के पड़ते ही उमस का भवका हवा मैं तैरने लगता। हवा में उठती भाप के थोड़े कम होते ही नाना अपनी कुर्सी बाहर निकाल कर चबूतरे पर बैठ जाते। वह हर बात से उबे हुए लगते। वह नंगे पाँव गली में बकरियों के झुंडों को हाँकते हुए बच्चों को बड़े ध्यान से देखते। उन बच्चों के पाँव तलवे जला देने वाली ततूरी से पलट-पलट जाते। गायें अपने आप ही पूँछ हिलाती घरों को लौटने लगतीं। बखरी में बंधे बछड़े अपनी माँओं से मिलने के लिए जी छोड़कर रंभाने लगते। ऐसे में दोपहर का सन्नाटा कहीं बिला जाता और चारों ओर एक अज़ीब सा कोलाहल तारी हो जाता, पर ऐसे में सारी आवाज़ों पर हावी होती चली जाती, वह आवाज़, जो गली के बाज़ार में खुलने वाले छोर से आती। नानी किसी बच्चे के हाथों बासी बची रोटियाँ बाहर भेज देतीं। बच्चे रोटियाँ हाथ में लिए उस आवाज़ के और पास आने का इन्तज़ार करते। आवाज़ जैसे-जैसे बाज़ार को पीछे छोड़कर गली में आती, उसका तीखापन और चुभन और बढ़ जाती। आवाज़ के और पास आने पर लगता कि वह जिस गले से आ रही है। वह न तो गा रहा है और न ही कुछ बोल रहा है बल्कि कुछ अधूरे वाक्य, कुछ टूटे-फूटे शब्द गले की अतल गहराई से, रोते हुए किसी काग़ज़ में से पढ़ रहा है। आवाज़ धीरे-धीरे घर के पास पहुँच कर दृश्यमान होती। वह एक पचास-पचपन साल के, मझोली कदकाठी के आदमी के भर्राए गले से निकल रही होती थी। उस धूप में काली पड़ी देह पर एक लंगोटी के सिवा कुछ नहीं होता। वह गली के तपते पत्थरों पर पाँव रखते हुए ऐसे चलता जैसे जानकर उनका ताप सोख लेना चहता हो। हाथों में एक खोखला बाँस और आँखों में एक उजाड़ बार-बार लोगों को उसकी ओर देखने पर विवस करता। आवाज़ के थम जाने पर यह विश्वास करना मुश्किल हो जाता कि यह आवाज़ इसी जर जर हो चुकी देह से फूटी रही थी। वह हर घर के आगे खड़ा होकर अपने खोखले बाँस के ऊपरी सिरे से एक गुड़ीमुड़ी, धूसर-सा काग़ज़ निकालता। उसे बहुत इत्मीनान से खोलकर फैलाता और फिर उसे पढ़ना शुरू करता। ऐसा करते हुए उसके गले की नसें ऐसे फूलतीं जैसे वे अभी फट पड़ेगीं। बच्चे बड़े ध्यान से उसका पाठ सुनते। सुनते तो बड़े भी, पर वे बच्चों को यह जताते कि इस सब पर वे ध्यान नहीं दे रहे हैं। 

      वह ऊँचे स्वर में पढ़ना शुरू करता- ‘मैं बी. आर. भड़ेल/ ईश्वर को हाज़िर-नाज़िर जान कर/ अन्न-जल की शपथ लेकर/ आपके सामने अपनी बात कहना चाहता हूँ/…मुझे आँखों से अंधा बना करके/ कानों से बहरा बना करके/ मेरे दिल-दिमाग़ को कुंठित कर/ उसपर ताला लगा करके/ मुझसे जाली काग़ज़ों पर दस्तख़त करवा करके/ मुझे झूठे गबन के केस में फंसा करके/ मेरे मुँह पर कालिख लगाकरके/ मुझे अंधे कुँए में धकेला गया है।’ इसके बाद चारों ओर एक गहरा सन्नाटा छा जाता। कुछ लोग उसकी हथेली पर कुछ पैसे रख देते। कुछ घरों से निकल कर उसको रोटी या खाने की और कोई चीज पकड़ा देते। पर वह इस सब पर ज़रा भी ध्यान नहीं देता। वह किसी के कुछ देने या न देने का इन्तज़ार भी नहीं करता। वह करीने से काग़ज़ को घड़ी करता और खोखले बाँस के ऊपरी सिरे पर बने छेद में उसे खोंस देता। बच्चे उसके हाथ पर रोटी रख देते और वह बाँस को गली के पत्थरों पर टेकता हुआ आगे बढ़ जाता। उसकी आवाज़ धीरे-धीरे दूर होती चली जाती। बच्चे गली पार करके घर के सामने खाली पड़े मैदान में उछल-कूद करने लगते। गरमी थोड़ी कम होने पर लोग घरों से निकल कर बाज़ार की ओर जाने लगते। गली में आवाजाही बढ़ जाती। कुछ लोग आकर नाना के पास चबूतरे पर बैठ जाते। आवाज़ नेपथ्य में डूबती चली जाती। उसका गली से गुज़र जाना किसी दुख का बीत जाना होता। सूरज घर के सामने के मैदान के दूसरे छोर पर मंदिर के भग्न अवशेषों के बीच छुपने लगता। भीतर ढिबरी, लालटेन और हन्डे जलाने की तैयारियाँ होने लगतीं। उनके जलते-जलते मंदिर के भग्न अवशेष पूरी तरह सूरज को लील लेते। 

bharat tiwari vivek mishra hindi kahani भरत तिवारी विवेक मिश्र मिश्रा हिन्दी कहानी       औरतें रात के खाने की तैयारी में लग जातीं। उन सभी के लिए यह बहुत व्यस्त समय होता। अगर चूल्हे-चौके के काम से कोई दूर रहता तो वह थीं, बड़ी मौसी। वह पीछे के मड़हे की छत पर चारपाई बिछाकर टांगें पसार कर बैठ जातीं। आस-पड़ोस की कुछ औरतें भी उनकी चारपाई के आसपास आ बैठतीं। शाम होते ही, बड़ी मौसी का जी घबराने लगता। उन्हें बिना बत्ती के रहने की आदत जो नहीं थी और यहाँ गाँव में शाम के चार बजते ही बत्ती चली जाती और फिर रात को ठाकुर की बयारी, प्रसाद और आरती के बाद ही आती। मौसी अपने आस-पास बैठी औरतों को बतातीं कि उनके बंग्ले में हर कमरे की खिड़की पर खस की टटियाँ पड़ी हैं और दो आदमी सुबह से शाम तक उन टटियों को पानी से तर रखने के काम में लगे रहते हैं। कमरों की छत पर लटके पंखे तो पूरी गर्मी चौबीसों घंटे चलते हैं। हर कमरे में ट्यूबलाईट की सफ़ेद रोशनी होती है। वह यह भी बतातीं कि डिबरी, लालटेन, हण्डे या पीले बल्ब की मरियल-सी रोशनी उन्हें बिलकुल पसंद नहीं। इन्हीं सब वजहों से उनके पति यानी मौसा जी उन्हें मायके नहीं भेजते। इस बार भी यदि नाना की तबियत खराब न हुई होती तो वह यहाँ न ही आतीं। मौसा जी को तो यहाँ, अपनी ससुराल में आए हुए चार साल हो गए। वह रात-दिन व्यस्त रहते हैं। सरकारी नौकरी है और वह भी सिविल इंजीनीयर की। पिछले तीन साल से नहर के काम ने जान ले ली है। यहाँ तक की अपनी बड़की बिट्टी के लिए रिश्ता देखने तक नहीं जा पा रहे हैं। लड़के वाले पिछले डेढ साल से तैयार बैठे हैं। वह बड़े गर्व के साथ बतातीं कि वह कहते हैं कि भाई घर-द्वार बिना अपनी आँख से देखे, हम अपनी बिट्टी नहीं देंगे। जब दस लाख नकद, गाड़ी-घोड़ा, दान-दहेज सब दिल खोल के देने को तैयार हैं, तो फिर घर भी ऐसा देखेंगे कि बिट्टी को कोई तकलीफ़ न हो। औरतें मौसी की बात मुँह बाए सुनती रहती। शायद मन ही मन सोचती हों कि दस लाख में कित्ती बिन्दियाँ लगती हैं। उससे कितने किसानों का कर्ज़ा चुकाया जा सकता है। पर इस सबसे बेखबर मौसी अपनी बात आगे बढ़ातीं, ‘अब बिटियाँ सयानी हो गईं, पर उन्होंने अपने हाथ से एक गिलास पानी भरकर नहीं पिया। अब इसीलिए तो उनके पप्पा उन्हें यहाँ, उनकी ननिहाल भी नहीं भेजते।’

  रात के खाने का इन्तज़ार करते बच्चे भी बड़ी मौसी की बातें बहुत ध्यान से सुनते। उनकी बातें सुनकर हमें अपने पिताजी याद आने लगते जो दिन भर आफ़िस में सिर खपाने के बाद, शाम को साईकिल के कैरियर पर आटे का कनस्तर लादकर आटा पिसाने जाते। पर उस समय हम अपने पिताजी को भूलकर मौसी की बातों पर ध्यान लगाते और उनकी बातें सुनते-सुनते हम उनके बंग्ले की खिड़कियों पर लगी पानी से तर खस की टटियों की खुशबू के बारे में सोचने लगते और अन्तत: मौसी की बातें सुनकर हम सब मन ही मन इस बात को मान लेते कि मौसी हम सब प्राणियों से श्रेष्ठ हैं और मौसा जी तो इस जगत के श्रेष्ठतम व्यक्ति हैं। हम यह भी समझ जाते कि मौसा जी जैसे व्यक्ति के लिए यह जगह रहने लायक नहीं है। कारण? अब इसका कोई ठोस कारण नहीं है तो नहीं है। शायद बड़ी मौसी को ऐसा लगता है। इसलिए यही सबसे बड़ा कारण है। मौसी इस तरह की कुछ न कुछ बात लगभग रोज़ ही सुनातीं और तब तक रात का खाना तैयार हो जाता। 

      बड़ी मौसी की ऐसी ही गौरव गाथा के दौरान, उस रोज़  मौसी ने, मौसा जी के नए प्रोजेक्ट के बारे में बताना शुरू ही क्या था कि जैसे गज़ब ही हो गया। नाना आज जल्दी ही अपनी कुर्सी छोड़कर बखरी में आकर खड़े हो गए और उन्होंने नानी को बखरी में बुलाने के लिए हमारी माँ को आवाज़ लगा दी। वह नानी को बुलाने के लिए माँ को ही आवाज़ देते थे और नानी भी समझ जातीं थी कि कब वह हमारी माँ का नाम लेकर माँ को ही बुला रहे हैं और कब माँ का नाम लेकर नानी को। पर इस बार नानी से पहले माँ बखरी में हाज़िर हुईं और उनके पीछे नानी भी चली आईं। नाना की आवाज़ में कुछ अनिश्चय था जिससे वह दोनो समझ नहीं पाई थीं कि किसको बुलाया गया था। नाना ने माँ की तरफ़ देखते हुए, नानी को लक्ष्य करके कहा, ‘तुम्हारे बड़े जीजा जू कल तुम्हारी जिज्जी को लिवाने खुद आ रहे हैं। पास के ही गाँव में उनका दौरा है, वहाँ से फ़ारिग होकर, दोपहर बाद तक यहाँ पहुँचेंगे।’

      माँ के जीजा जू मतलब मौसा जी, बड़ी मौसी के पति, यानी घर के बड़े दामाद, इस समय चीफ़ इंजीनीयर, यानी नहर परियोजना के इन्चार्ज़। यानी साथ में एक ड्राइवर, एक चपरासी, एक बाबू और दो-एक पिछलग्गू। नाना की बात सुनकर नानी का जैसे मुँह सूख गया। उनके गले से आवाज़ ही नहीं निकली। नानी ने बिना कुछ कहे अपनी धोती के पल्लू से पसीना पोंछा और वापस रसोई में चली गईं। माँ जलघरा में पानी का इन्तज़ाम देखने लगीं, जलघरे के बाहर पीने के पानी के रखने की जगह, यानी घिनौंची पर रखी कसैंड़िया, बाल्टी, कलशा आदि खाली करवा कर मातिन से मँजवाने लगीं। नाना अपनी बंडी की जेब में पैसे टटोलते हुए बाहर निकलकर, बाज़ार की ओर चले गए। 

     बिना कुछ कहे घर में आपातकाल जैसी स्थिति हो गई। सब चुप, सतर्क और सन्नाटे में। बच्चों पर इस सूचना का यह असर हुआ कि उनको रात में मिलने वाली दूध-रोटी का कार्यक्रम स्थगित हो गया। उस दूध का दही जमा दिया गया। छोटी मौसी जिनकी उस समय तक शादी नहीं हुई थी उन्होंने एक अच्छे पार्टी प्रवक्ता की तरह सभी बच्चों को छत पर बुलाकर एक अधिसूचना जारी कर दी। जिसका सीधा मतलब यह था कि कल का दिन बहुत महत्व का दिन है और ऐसे में किसी की भी, कोई भी ग़लती माफ़ नहीं की जाएगी।  सुबह सभी बच्चे जल्दी ही नहा धोकर तैयार हो जाएंगे और वे सब पीछे वाले मड़हे में, जहाँ घर की औरतें आराम करती हैं, वहीं बिना चूँ-चपड़ किए आराम करेंगे। अर्थात वह बैठक, जिस पर दोपहरी में बच्चों का ही एकाधिकार रहता था, सुबह से ही साफ़ करवाकर मौसा जी के लिए आरक्षित कर दी जाएगी। उस रात मामा भी जल्दी ही घर लौट आए थे। उन्हें मौसा जी के आगमन की सूचना रास्ते में ही मिल गई थी। वह घर पहुँचते ही नाना से कुछ कह सुनकर पड़ोस के त्रिपाठी जी के घर से सोफ़ा उठवाने चले गए थे। गली में मेहमान किसी के भी घर आए पर सोफ़ा त्रिपाठी जी का ही इस्तेमाल होता था। खैर उस दिन रात होते-होते मौसा जी के स्वागत के जो भी इन्ज़ाम किए जा सकते थे, कर कराकर सभी लोग निश्चिन्त दिखने का स्वांग करते हुए अपनी-अपनी जगहों पर सो गए। बड़ी मौसी इस सब गहमागहमी से अलग किसी परिवेक्षक की तरह बैठीं, सबकुछ देखती रहीं।

    दूसरे दिन सूरज साँस साधे हुए घर की मुंडेर पर धीरे से निकला। बच्चे दोपहर होते-होते खा-पी कर मड़हे में लेट गए। घर की औरतों ने उस दिन अपना विश्राम करना स्थगित ही रखा। दोपहर के सन्नाटे में बैठक अपने खास मेहमान का इन्तज़ार करने लगी। बड़े दिनों के बाद नाना ने सफेद सूती धोती और खादी का बादामी कुर्ता पहना। मामा भी बाहर के काम निपटा कर जल्दी ही घर लौट आए। नाना मौसा जी के इन्तज़ार में पौर में कुर्सी पर बैठ कर सारी दोपहरी ऊँघते रहे। उस दिन दोपहर का सन्नाटा बाज़ार से उठती उस आवाज़ से नहीं टूटा, जिससे वह कई दिनों से टूटता आ रहा था। बल्कि उस आवाज़ के गली में तिरने से पहले ही, जीप की घर्रघराहट सुनाई देने लगी। यह मान कर कि इस गली में जीप से आने वाला मौसा जी के अलावा और कोई नहीं हो सकता। नाना चैतन्य होने की कोशिश करते हुए पौर से निकलकर चबूतरे पर खड़े हो गए। मामा भी अटारी से उतरकर लगभग दौड़ते हुए बाहर निकले। जीप के घर के सामने रुकते ही उसका पिछला गेट खोल कर उतरने वाले एक आदमी ने ड्राईवर की सीट के ठीक पीछे वाली सीट पर बैठे मौसा जी के उतरने के लिए दरवाज़ा खोला। वह शायद उनका चपरासी रहा होगा। मामा कुछ अचकचाते हुए नँगे पाँव ही गली के गर्म पत्थरों पर उतर गए। रात के अंधियार की छाया लिए थोड़े गहरे नीले रंग का सफ़ारी सूट, बाटा कम्पनी के चमचमाते काले जूते और सुनहली फ्रेम का, धूप-छाँववाला चश्मा पहने, साँवले चेहरे पर रौबीली मुस्कान सजाए मौसा जी जीप से उतरे। उनकी मुस्कान में वहाँ की धरती को धन्य करने के भाव निहित थे। उन्होंने चारों ओर ऐसे दृष्टि दौड़ाई जैसे यहाँ भी वह मुआयना करने के लिए ही आए हों। अब उनकी मुस्कान, चेहरे के रौब में दब गई थी, उनके चेहरे को देखकर लग रहा था, मानो अभी इस जगह को रिजेक्ट करके चल देंगे। मामा उनके हाथ धुलाने के लिए लोटे में पानी लेकर चबूतरे पर खड़े हो गए। माँ भी हाथ में तौलिया लिए पौर में खड़ी थीं।

   मौसा जी ने मामा की ओर देखते हुए कहा, ‘अरे भाई दुनिया बदल रही है, पर यहाँ वही बाबा आदम के ज़माने का इन्तज़ाम चला आ रहा है। मैं तो इसीलिए साईट आफिस से ही फ्रैश होकर चला था।,……यार बाथरूम छोड़ो, यहाँ एक तरफ एक वाशबेसिन ही लगवा लो, हाथ-वाथ धोने के लिए।’

     मामा पानी का लोटा हाथ में लिए खड़े रह गए। मौसा जी पौर से होते हुए बैठक में त्रिपाठी जी के यहाँ से माँग कर लाए गए,  तांत से बने सोफे पर आ जा बैठे। नाना जी ने अपने दामाद के आगे हाथ जोड़े। मौसा जी ने उन्हें कृतार्थ करने के अंदाज़ में एक हाथ उठाकर उनका अविवादन स्वीकार किया। उसके बाद बारी-बारी से सभी ने मौसा जी के पैर छुए। इतनी देर में माँ और छोटी मौसी ने मौसा जी के सामने पड़ी छोटी टेबल पर कई छोटी बड़ी तस्तरियों  में नाश्ता लगा दिया। हम बच्चों में, उम्र में सबसे बड़ी, मामा की बेटी, नानो दीदी ट्रे में चाय ले आईं।

  मौसा जी ने टेबिल पर रखी तस्तरियों की ओर देखते हुए कहा, ‘अरे भाई यह सब कहाँ खाता हूँ मैं, फ्राईड-ब्राईड आज कल सब बंद, केवल बुआईल्ड ही खाता हूँ।’ मौसा जी के मुँह में भरा पान होठों पर चमकने लगा था। उन्होंने माँ की ओर देखते हुए कहा, ‘बस चाय पियूँगा, अपनी जिज्जी से कहो, फटाफट तैयार हो जाएं।’ माँ ने थोड़ा डरते हुए, उनपर अधिकार जताने की कोशिश करते हुए कहा, ‘अरे ऐसे कैसे, कुछ तो लीजिए, इतना सबकुछ बनाया है आपके लिए सुबह से लगीं हैं, हम सब। …और इसके बाद खाना भी खाना पड़ेगा।’

  माँ की मनुहार को मौसा जी ने अपने एक सपाट वाक्य से धराशायी कर दिया, ‘बस चाय और कुछ नहीं।’ वह फिर अपने साथ आए पौर में बैठे लोगों की ओर इशारा करते हुए बोले, ‘इन लोगों को खिलाईए।’ 

     माँ शायद कुछ कहना चाहती थीं पर चुप ही रहीं। तब तक कोई बच्चा भागकर बड़ी मौसी से भी जल्दी से तैयार हो जाने की बात कह आया। अब तक मौसा जी का मुँह पान की पीक से भर चुका था। उनके चेहरे पर आई हल्की सी मुस्कराहट से होंठ फैल गए थे। लगता था उनके मुँह में खून लगा है, जिसकी वजह से वह कुछ और खा-पी नहीं सकते। चाय उनके सामने थी, जिसे पीने के लिए मुँह में भरी पान की पीक का थूका जाना ज़रूरी था।

     मौसा जी की आव-भगत में किसी ने ध्यान ही नहीं दिया था कि रोज़ दोपहर बीतने की खबर लानेवाली दर्द भरी आवाज़ घर के बहुत पास आ चुकी थी। उसने अपना खोखला बाँस घर के सामने, गली के पत्थरों पर टेककर, अपना पर्चा निकालकर पढ़ना शुरू कर दिया था। उसकी आवाज़ की वेदना आज किसी के मन को भेद नहीं रही थी। सबका ध्यान मौसा जी पर था।

    मौसा जी पान की पीक थूकने के लिए पौर में से होते हुए बाहर चबूतरे पर आ गए। उनके पीछे पानी का लोटा हाथ में लिए मामा जी भी बाहर आ गए। अब तक बड़ी मौसी भी तैयार होकर पौर में आ गईं और मौसा जी के साथ आए लोगों से उनका हालचाल पूछने लगीं। बाहर मौसा जी ने चबूतरे के बाईं ओर पुच्च से पान की पीक पिचक दी। मैं चबूतरे के दूसरे कोने में खड़ा मौसा जी को बड़े ध्यान से देख रहा था। तभी अचानक मेरा ध्यान उस आवाज़ पर गया जो आज पहली बार अपना पूरा पर्चा पढ़े बगैर बीच में ही रुक गई थी। मौसा जी पानी का लोटा मामा के हाथ से लेकर कुल्ला करने लगे। कुल्ला करने के लिए मुँह में लिया हुआ पानी मौसा जी बाहर निकाल पाते कि वहाँ कुछ ऐसा घटा कि लगा धरती डोल गई है।      
       
     दोपहर ढल चुकने के बाद भी धूप की तेजी कम नहीं हुई थी, फिर भी पलभर को ऐसा लगा जैसे वहाँ अंधेरा हो गया हो। आज दर्द से भरी उस आवाज़ में काँटे निकल आए थे। भिखारी, पागाल, असहाय सालों से अपनी आप बीती एक काग़ज़ में से पढ़ कर सुनाने और घर-घर जाकर अपनी बेगुनाही की बात कहने वाले, जर-जर हो चुकी औसत कदकाठी के, अपना नाम बी. आर. भड़ेल बताने वाले ने अपना खोखला बाँस, कुल्ला करने के लिए मुँह आसमान में उठाए चबूतरे पर खड़े मौसा जी के माथे पर दे मारा। उनके मुँह में भरा पानी कुछ इस तरह से बाहर निकला, लगा मुँह में भरा खून बाहर निकला हो। एक पतली खून की धारा उनके माथे से निकलकर, उनके धूप-छाँव के चश्मे के नीचे से बहती हुई, उनकी नाक के नीचे उतरती चली गई। लोटा हाथ से छूट कर गली में लुड़क गया। मामा जी चबूतरे से कूद कर, कुछ कर पाते कि खोखला बाँस एक बार फिर घूमा और मौसा जी के पैरों से टकराया। अबकी बार मौसा जी ज़मीन पर भर भराकर गिर गए। बाँस एक बार फिर घूम पाता उससे पहले मामा जी ने दोनो हाथों से बाँस कसकर पकड़ लिया। मौसा जी के साथ आए उनके स्टाफ के लोगों ने आगे बढ़कर अभी भी बाँस का एक सिरा पूरी ताकत से थामे, उसे मामा जी से छुड़ाने की कोशिश करने वाले बी.आर.भड़ेल को लातों से मार-मारकर ज़मीन पर गिरा दिया। वह काग़ज़ जिसे पढ़कर बी.आर.भड़ेल अपनी कहानी सुनाते थे, गली के उस छोर की ओर उड़ गया, जो बाज़ार की ओर खुलता था। बाज़ार की तरफ से कुछ दुकानदार, कुछ पल्लेदार अचानक शुरू हुए इस तमाशे को देखने के लिए भागे आ रहे थे। गली में उड़ता बी.आर.भड़ेल का वह लिखित बयान, वह धूसर-सा काग़ज़ शायद उनके पैरों के नीच कहीं कुचल गया। बड़ी मौसी अपनी साड़ी के पल्लू से मौसा जी के माथे से बहता हुआ खून रोकने की कोशिश करने लगीं। मौसा जी का स्टाफ बी.आर.भड़ेल को अभी भी पीट रहा था। नाना जी गली में उतर कर ज़ोर ज़ोर से चिल्ला रहे थे। वह कह रहे थे इसको छोड़ो पहले इंजीनीयर साब को अस्पताल ले चलो। बच्चे, छोटी मौसी, माँ और नानी पौर के दरवाज़े पर खड़े यह सब आँखें फाड़े देख रहे थे। तभी मैंने देखा कि ज़मीन पर पड़े बी. आर. भड़ेल, जिन पर लगातार लात-घूसे बरस रहे थे, वह किसी भी तरह का प्रतिरोध नहीं कर रहे थे। वह मौसा जी के माथे से बह आए खून से सने हुए उनके चेहरे को बड़े ध्यान से देख रहे थे। एक लम्बे समय से उनकी आँखों में स्थिर रहे आए शून्य में एक विकृत-सी हँसी तैर रही थी। 

     अब मामा जी और नाना जी लहूलुहान मौसा जी को जीप में बैठाने की कोशिश कर रहे थे। ड्राईवर बी.आर.भड़ेल को खूब पीट चुकने के बाद विजयी भाव से हाथ झाड़ता हुआ जीप स्टार्ट करने लगा था। बड़ी मौसी भी रोती-बिलखती मौसा जी के साथ जीप में बैठ गई थीं। मौसा जी को गाँव से आठ-नौ मील दूर बने प्राईमरी हेल्थ सेन्टर ले जाया गया था। धीरे-धीरे मजमा छटने लगा था। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों की ओर लौटते हुए कह रहे थे कि वह पागल होने का नाटक कर रहा था। वह अपना बदला लेना चाहता था। आज उसका बदला पूरा हो गया। कुछ लोग कह रहे थे कि वह आज से कई साल पहले मौसा जी के विभाग में ही काम करता था। किसी ने किसी के कान में फुसफुसा कर कहा कि मौसा जी ने ही उसे झूठे गबन के आरोप में फंसाया था। एक गली से गुज़रने वाला राहगीर नानी को बता रहा था कि वह पागल बड़ी देर से जीप पर लगी प्लेट पर लिखा सरकारी विभाग का नाम पढ़ रहा था। नानी कह रही थीं कि पाहुने पंचाँग देखे बगैर विदा कराने आए थे इसलिए यह सब हुआ था। आज दिशाशूल लगा था, यह मुहूर्त बिलकुल शुभ नहीं था। मामी कह रही थीं आज के दिन नीले रंग के वस्त्र धारण करना अशुभ होता है और उनके अनुसार आज मौसा जी के नीले सफारी सूट पहनने के कारण यह घटना घटी थी और उनकी सप्ताह के दिनों के अनुसार ही कपड़े पहनने वाली बात सिद्ध हो गई थी।

bharat tiwari vivek mishra hindi kahani भरत तिवारी विवेक मिश्र मिश्रा हिन्दी कहानी    बी.आर.भड़ेल को कुछ लोग पकड़कर पुलिस चौकी ले गए थे। उस रात मरहमपट्टी कराकर लौटे मौसा जी को पहली बार उस गाँव में रुकना पड़ा था। जब मौसा जी से पुलिस चौकी चलने की बात की गई तो उन्होंने कहा था कि अरे वह पागल है, उसके चक्कर में हम शरीफ आदमी कहाँ थाना कचहरी करते फिरेंगे। उन्होंने रात में  वापस लौटते अपने मातहतों से यह भी कहा था कि वह आदमी पागल है और उसके इस गाँव में रहने से हम बच्चों को खतरा हो सकता है। सबरे ही मौसा जी को लेने के लिए एक बड़ी सफेद रंग की एम्बेसेडर गाड़ी आई थी। उसमें ड्राईवर के साथ दो पुलिस वाले भी थे जिनके पास बंदूकें थीं। दोपहर होते-होते मौसा जी बड़ी  मौसी को लेकर चले गए थे। उस दोपहर बैठक में लेटे हुए किसी बच्चे को नींद नहीं आई थी। सब दोपहर ढलने का इन्तज़ार कर रहे थे, पर उस रोज़ छोटी मौसी के शाम की चाय बनाकर ले आने तक भी गली में कोई आवाज़ सुनाई नहीं दी थी। पर उसी शाम नाना जी के साथ बाज़ार से कुछ सौदा खरीद कर लाते समय मुझे वह काग़ज़ मिल गया था जिसपर बी.आर.भड़ेल का वह बयान लिखा था, जिसे वह गली-गली जाकर पढ़ा करते थे।
bharat tiwari vivek mishra hindi kahani भरत तिवारी विवेक मिश्र मिश्रा हिन्दी कहानी

(ऊपर चित्र साभार गूगल से लिये गये हैं यदि कोई चित्र, कलाचित्र इत्यादि किसी सर्वाधिकार का उलंघन हो तो कृपया सूचित करें उसे हटा दिया जायेगा )

फेसबुक पर LIKE करें-